Ranchi:मौसम विभाग द्वारा जारी शीतलहर एवं ठंड के बढ़ते प्रभाव की चेतावनी के आलोक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जिले में संचालित सभी कोटि के विद्यालयों में कक्षाएं बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार रांची जिले के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग-KG से लेकर वर्ग-6 तक की कक्षाएं दिनांक 12 जनवरी 2026 से 14 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी।
साथ ही कक्षा 7 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं का पठान पाठन कार्य पूर्वाह्न 10:00 से संचालित करने का आदेश भी जारी किया गया है। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि शीतलहर के कारण होने वाली संभावित परेशानियों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।
रांची जिला प्रशासन के निर्णय का पासवा ने किया स्वागत

वहीं भारी ठंड एवं शीतलहरी की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा राँची जिला अंतर्गत KG से 6वीं तक की कक्षाओं के पठन-पाठन को 14 जनवरी 2026 तक बंद रखने और 7 वीं से 12 वीं तक के कक्षाओं के समय परिवर्तन करने के आदेश का पब्लिक स्कूलस एंड चिल्ड्रंस वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) ने स्वागत किया है।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सभी विद्यालयों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राँची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों से जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करने का आग्रह किया है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि शीतलहरी और अत्यधिक ठंड की स्थिति में बच्चों को विद्यालय बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय दूरदर्शी और जनहित में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पासवा सदैव छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के हितों के संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता रहा है।
पासवा ने यह भरोसा दिलाया कि विद्यालय संघ के रूप में संगठन जिला प्रशासन के हर सकारात्मक और छात्रहित में लिए गए निर्णय के साथ मजबूती से खड़ा है तथा आगे भी शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित, संतुलित और अनुशासित बनाए रखने में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाता रहेगा।
