Ranchi: मकर संक्रांति के पावन पर्व पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक पतंगबाजी के माध्यम से भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार राजनीतिक संदेश दिया। आसमान में उड़ती ‘राहुल पतंग’ पर लिखे ‘NO SIR’ और ‘SAVE MGNREGA’ के नारे ने यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत के अधिकारों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता करने के मूड में नहीं है।

इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, गो सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य डॉ. एम. तौसिफ, कांग्रेस नेता कुमुद रंजन, फिरोज रिजवी मुन्ना तथा समाजसेवी विनय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का सबसे बड़ा नुकसान गरीब, मजदूर और ग्रामीण तबके को हो रहा है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है, जिससे करोड़ों परिवारों की आजीविका संकट में है। ऐसे समय में ‘SAVE MGNREGA’ लिखी पतंग केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि जनता की पीड़ा और संघर्ष की आवाज है।

 

इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा मनरेगा देश के गरीबों के लिए रोजगार की गारंटी है, लेकिन भाजपा सरकार इसे धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश कर रही है। आज मकर संक्रांति के दिन ‘राहुल पतंग’ के माध्यम से हमने साफ संदेश दिया है कि कांग्रेस मजदूरों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी।”

 

भाजपा सरकार SIR के बहाने गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के मताधिकार पर सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस इस अलोकतांत्रिक प्रक्रिया को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।”

 

“मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश को कांग्रेस बेनकाब करेगी। SIR के जरिए चुनी हुई सरकारें नहीं, बल्कि मनमाने फैसले थोपने की कोशिश हो रही है। ‘NO SIR’ जनता की चेतावनी है कि लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

 

मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा, “‘NO SIR’ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर जनता की स्पष्ट असहमति है। बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे सवालों पर सरकार चुप है। कांग्रेस त्योहारों के मंच से भी जनता की आवाज को बुलंद करती रहेगी।”

 

 

इस मौके पर डॉ. एम. तौसीफ ने कहा कि (SIR) के नाम पर मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। ‘NO SIR’ जनता की उस आशंका और विरोध को दर्शाता है कि गरीब, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के मताधिकार को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर संविधान और नागरिक अधिकारों से समझौता नहीं करेगी तथा इस अलोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजबूती से विरोध जारी रखेगी।

 

वहीं राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि ‘SAVE MGNREGA’ केवल नारा नहीं बल्कि गांव, गरीब और श्रमिकों की आजीविका बचाने का संकल्प है। भाजपा सरकार की नीतियों से मनरेगा लगातार कमजोर हो रहा है, जिसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को खत्म करने या सीमित करने के हर प्रयास का विरोध करेगी और आम जनता के हक़ की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

 

नेताओं ने कहा कि मकर संक्रांति जैसे लोकपर्व पर इस तरह का शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त विरोध यह दर्शाता है कि जनता अब सिर्फ वादे नहीं, जवाब चाहती है। कांग्रेस ने दोहराया कि वह मनरेगा, सामाजिक न्याय और आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

 

इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ युवा साथी विशाल कुमार सिंह, मेहुल दूबे, बबलू वर्मा, अजहर आलम , जाबिर राजा, फैजान राजा, खालिद, शाहिद , हसनैन राजा एवं अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!