Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनकी राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी जैसे वरिष्ठ नेता से इस तरह के सांप्रदायिक और विभाजनकारी बयानों की उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि भाजपा और बाबूलाल मरांडी के पास राज्य के विकास पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे अब धर्म, जाति और ‘हिजाब-नकाब’ जैसे शब्दों का सहारा लेकर झारखंड की गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। राज्य सरकार 1932 के खतियान और आदिवासी-मूलवासी के हितों के लिए समर्पित है। राज्य सरकार ने नियुक्तियों में किसी की जाति या धर्म नहीं देखा, बल्कि योग्यता और झारखंडी पहचान को प्राथमिकता दी है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आगे कहा कि अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता और राज्य सरकार में कानून सबके लिए बराबर है। भाजपा का काम केवल समाज में विद्वेष फैलाना और असली मुद्दों से ध्यान भटकाना है।
बजरंग दल या किसी भी संस्था के नाम पर राजनीति करने के बजाय बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने झारखंड के हक का 1.36 लाख करोड़ रुपया अब तक क्यों दबा रखा है? झारखंड की जनता अब भाजपा की इस ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति को समझ चुकी है और इसका करारा जवाब देगी।
