Ranchi:  झारखंड प्रदेश प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के दावों को हास्यास्पद और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि भाजपा अब लोकतांत्रिक संगठन नहीं, बल्कि सत्ता के नशे में चूर एक ऐसी मशीन बन गई है जो सिर्फ झूठ फैलाने का काम करती है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू परिवारवाद पर उपदेश न दें। भाजपा में कितने नेताओं के बेटे-बेटियां सांसद, विधायक और पदों पर बैठे हैं, इसकी सूची बहुत लंबी है। हेमंत सोरेन जनता के चुने हुए मुख्यमंत्री हैं, न कि भाजपा की तरह थोपे हुए नेता। शिबू सोरेन ने इस राज्य के लिए अपना जीवन खपाया है, जबकि भाजपा के नेता केवल मलाई खाने के लिए राज्य अलग होने का श्रेय लूटते हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने  लोहरदगा और हजारीबाग की घटनाओं पर कहा कि भाजपा का मूल चरित्र ही अशांति फैलाना है। सरस्वती पूजा जैसे पवित्र अवसर पर भी भाजपा नेता सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। आदित्य साहू केंद्र की योजनाओं का गुणगान कर रहे हैं, लेकिन यह क्यों नहीं बताते कि मोदी सरकार ने झारखंड का 1.36 लाख करोड़ रुपये क्यों दबा रखा है? कांग्रेस और गठबंधन सरकार ने युवाओं को नियुक्तियां दीं, पुरानी पेंशन लागू की और आपकी योजना आपकी सरकार से घर-घर विकास पहुंचाया। भाजपा के पास गिनाने को कुछ नहीं है, इसलिए वे परिवारवाद का पुराना रिकॉर्ड बजा रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेता अधिकारियों को डराना बंद करें। सरकार कानून से चलती है, भाजपा के बयानों से नहीं। जो दोषी हैं उन पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन भाजपा इसे चुनावी रंग देने की नाकाम कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा के धैर्य वाले झांसे में अब नहीं आने वाली। जनता देख रही है कि कौन राज्य को गढ़ रहा है और कौन केवल नफरत की राजनीति कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!