Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कहा कि दावोस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को मिला व्हाइट बैज सम्मान झारखंड के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान इस बात का सबूत है कि आज झारखंड दुनिया के मंच पर सम्मान और भरोसे के साथ देखा जा रहा है।
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह समझना चाहिए कि गणतंत्र दिवस सिर्फ एक मंच पर मौजूद रहने का नाम नहीं है, बल्कि उस संविधान और उस व्यवस्था को मजबूत करने का नाम है, जिसके तहत राज्य का विकास हो। मुख्यमंत्री उसी संविधान की भावना के अनुसार राज्य को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब हर विषय पर राजनीति करना चाहती है। चाहे वह दावोस का सम्मान हो या गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम। उन्हें न तो राज्य की प्रतिष्ठा की चिंता है, न ही जनता की भावनाओं की। उनका एकमात्र उद्देश्य है मुख्यमंत्री की छवि पर कीचड़ उछालना।
झारखण्ड कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह सच्चाई स्वीकार नहीं हो पा रही कि झारखंड अब पीछे नहीं, बल्कि आगे बढ़ रहा है। राज्य की बढ़ती पहचान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे सम्मान ने उन्हें राजनीतिक रूप से असहज कर दिया है। यही वजह है कि वे हर सकारात्मक पहल पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
आलोक कुमार दुबे ने दो टूक कहा कि बाबूलाल मरांडी झारखंड का विकास नहीं चाहते। अगर वे चाहते होते तो दावोस जैसे मंच पर राज्य के लिए हो रहे प्रयासों का समर्थन करते, न कि उसका मजाक उड़ाते। उनकी सोच सिर्फ विरोध तक सीमित है, उन्हें न राज्य की छवि की चिंता है और न ही युवाओं के भविष्य की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड के युवाओं को रोजगार, राज्य को निवेश और भविष्य को स्थिरता देने के लिए काम कर रहे हैं। सस्टेनेबल एनर्जी हो, सस्टेनेबल डेवलपमेंट हो या विदेशी निवेश – सरकार हर मोर्चे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।
आलोक कुमार दुबे ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में एमओयू की राजनीति तो खूब की, लेकिन उसका फायदा राज्य को शून्य मिला। न उद्योग लगे, न रोजगार बढ़ा। सिर्फ प्रेस विज्ञप्तियां और कागजों की फाइलें ही उनकी उपलब्धि रहीं।उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा के समय विकास जमीन पर नहीं, सिर्फ भाषणों और कल्पनाओं में उड़ता था। आज जब असली काम हो रहा है, तो वही लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्हें कभी जवाबदेही की आदत ही नहीं रही।
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि झारखंड की जनता अब सब समझ चुकी है। कौन विकास का रास्ता बना रहा है और कौन उस रास्ते में रोड़ा डाल रहा है। आने वाले नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को साफ संदेश दे देगी कि नकारात्मक राजनीति का झारखंड में अब कोई स्थान नहीं है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड आत्मविश्वास, सम्मान और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, और यही सच बाबूलाल मरांडी और भाजपा को सबसे ज्यादा चुभ रहा है।
झारखण्ड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने क्या कहा इस लिंक पर देखें
