Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने विपक्ष द्वारा राज्य सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से संचालित हो रही हैं और जिन पदों पर नियुक्ति लंबित है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है।

 

आलोक दुबे ने कहा कि कुछ नेता लगातार झूठ और भ्रम की राजनीति कर राज्य की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाबूलाल जी को अब आत्ममंथन करना चाहिए। लगातार नकारात्मक राजनीति और राज्य विरोधी मानसिकता के साथ काम करना झारखंड के हित में नहीं है। यदि वे सकारात्मक सुझाव नहीं दे सकते, तो उन्हें राजनीति से संन्यास लेने पर विचार करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। आज सरकार युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार योजनाओं और विभिन्न विभागों में बहाली प्रक्रिया को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

आलोक दुबे ने कहा कि पिछले वर्षों में प्रशासनिक सुधारों और पारदर्शी प्रक्रियाओं के माध्यम से व्यवस्था को मजबूत किया गया है। विभागों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि शासन व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।

 

उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह तथ्यहीन बयानबाजी बंद करे और राज्यहित में रचनात्मक भूमिका निभाए। झारखंड की जनता सब कुछ देख और समझ रही है, और समय आने पर जवाब भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!