Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हार के डर से बौखलाई भाजपा अब नगर निगम चुनाव में अनर्गल प्रलाप और झूठ का सहारा ले रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जो भाजपा 17 सालों तक राज्य की सत्ता में रहकर रांची नगर निगम को भ्रष्टाचार और गंदगी का अड्डा बनाए रही, वह आज रोशनी फैलाने की बात कर रही है। रांची की जनता ने भाजपा के शासन काल में केवल जलजमाव, खराब सड़कें और होल्डिंग टैक्स की मार झेली है।

भाजपा अध्यक्ष द्वारा कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में अपराधी सलाखों के पीछे हैं। भाजपा को उन राज्यों के आंकड़ों पर नजर डालनी चाहिए जहां उनकी सरकार है और जहाँ महिला अपराध चरम पर है। झारखंड पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है और गायब बच्चों की बरामदगी इसका प्रमाण है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि जिस 1 रुपए की रजिस्ट्री योजना का ढिंढोरा भाजपा पीट रही है, वह केवल एक चुनावी स्टंट था जिससे खजाने को नुकसान पहुंचा। हमारी सरकार धरातल पर महिलाओं को मइयां सम्मान योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के जरिए सशक्त बना रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रांची की जनता अब जागरूक हो चुकी है। वो समझती है कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी केवल वोट लेने के लिए बेटी-बहन का स्वांग रच रहे हैं। पिछले कई वर्षों से निगम पर काबिज रहने के बावजूद भाजपा ने शहर को कूड़े का ढेर बना दिया, जिसका जवाब जनता इस बार बैलेट पेपर के जरिए देगी।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के नाम पर राजनीति करने के बजाय आदित्य साहू को यह बताना चाहिए कि स्मार्ट सिटी के नाम पर रांची के करोड़ों रुपए कहां खर्च हुए? कांग्रेस और गठबंधन की सरकार विकास में विश्वास रखती है, खोखले दावों में नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!