Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने उम्मीद जताई है कि 24 फरवरी को विधानसभा में पेश होने वाला बजट सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली लाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने का प्रयास होगा।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र की तुलना में लोगों को राज्य के बजट से अधिक उम्मीदें होती हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि राज्य सरकार सीधे तौर पर सड़क, पानी, खेती, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करती है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें विशेष रूप से युवा, महिला और किसान की प्रगति और जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं के जरिए कमजोर वर्गों को मजबूती दी जाएगी।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि बजट में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर जोर रहेगा। सरकारी वित्तीय नियमों का पूरी तरह पालन किए जाने की संभावना है। बजट में राजस्व का प्रबंधन इस तरह किया जाएगा कि विकास के साथ-साथ राजकोषीय अनुशासन भी बना रहे।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बजट तैयार करने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विभिन्न संगठनों के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। इन चर्चाओं के आधार पर यह माना जा रहा है कि बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और गठबंधन सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
