Ranchi,: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और इसमें किसी भी प्रकार के षड्यंत्र या भेदभाव का आरोप लगाना पूरी तरह निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

आलोक कुमार दुबे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया भारत के संविधान और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न हुई है। प्रशासन पर यह आरोप लगाना कि किसी विशेष समुदाय के वोट प्रतिशत को बढ़ाने या किसी अन्य समुदाय को मतदान से रोकने का प्रयास किया गया, लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों के सम्मान और समान भागीदारी में विश्वास रखती है। “झारखंड की जनता समझदार है और वह नफरत की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। चुनाव विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए, न कि समाज को बांटने की कोशिशों पर।

 

आलोक कुमार दुबे ने प्रशासन और सुरक्षा बलों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन चुनाव परिणामों से पहले ही साजिश के आरोप लगाना भाजपा की हताशा को दर्शाता है।

 

उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें और मतदाताओं का सम्मान करें। “झारखंड की जनता विकास चाहती है, विभाजन नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!