Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने नगर निकाय चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक एवं स्वतंत्र संस्था है, जिस पर दबाव या षड्यंत्र का आरोप लगाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है।

आलोक दूबे ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह नियमों और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संचालित होती है। मतगणना के समय, सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता और प्रशासनिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। ऐसे में बिना ठोस आधार के आयोग पर सवाल उठाना न केवल अनुचित है, बल्कि जनता के जनादेश का अपमान भी है।

 

उन्होंने कहा कि जिन दलों को अपनी हार की आशंका दिखाई दे रही है, वे पहले से ही माहौल बनाने के उद्देश्य से भ्रम और अविश्वास फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

 

आलोक कुमार दूबे ने आगे कहा कि यदि किसी भी दल को प्रक्रिया को लेकर कोई शंका है, तो उसके लिए विधिसम्मत मंच और संवैधानिक प्रक्रिया उपलब्ध है। सार्वजनिक रूप से आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के विपरीत है।

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निकाय चुनाव की मतगणना पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप संपन्न होगी तथा जनता का जनादेश सर्वोपरि रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!