Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू निकाय चुनाव के परिणामों ने भाजपा के अजेय होने के अहंकार को चकनाचूर कर दिया है। अपनी करारी हार से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अब प्रशासन और साजिश का रोना रो रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य की जनता ने इस बार कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों पर भरोसा जताया । जनता ने किसी एक दल के बजाय स्थानीय विकास और योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी है। भाजपा यह पचा नहीं पा रही है कि उसके तथाकथित गढ़ों में भी निर्दलीय और गठबंधन समर्थित उम्मीदवारों ने सेंध लगा दी है। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू का यह कहना कि जनता उनके साथ है, हास्यास्पद है क्योंकि सबसे ज्यादा सीटें निर्दलीयों के खाते में गई हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा जब जीतती है तो ईवीएम सही होती है, और जब हार का डर सताता है तो बैलेट पेपर को साजिश बताने लगती है। चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी थी। अगर वोट रद्द हुए हैं, तो वह मतदाताओं की जागरूकता की कमी या तकनीकी कारणों से हुए होंगे, न कि किसी साजिश से। हारने के बाद बहाने ढूंढना भाजपा की पुरानी फितरत है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का मईयां सम्मान योजना की किश्त पर सवाल उठाना यह दर्शाता है कि वे महिला सशक्तिकरण के विरोधी हैं। यह एक निरंतर चलने वाली कल्याणकारी योजना है, जिसे चुनाव से जोड़ना गलत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने खुद चुनाव में धनबल का प्रयोग करने की कोशिश की, जिसे जनता ने नकार दिया। चक्रधरपुर, चाईबासा और देवघर जैसे क्षेत्रों में जनता ने भाजपा की नकारात्मक राजनीति को हराकर गठबंधन की नीतियों पर मुहर लगाई है।
