Ranchi: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं की आज आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने पर राज्य की जनता के प्रति आभार प्रकट किया गया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती आम मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और राज्य के लोगों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त किया है।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सह गो सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, आदित्य विक्रम जायसवाल एवं निरंजन पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने सर्वसम्मति से चुनाव आयोग, राज्य सरकार, पुलिस पदाधिकारियों, जिला प्रशासन, पीठासीन पदाधिकारियों तथा चुनाव कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद दिया।

बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री  दीपिका पाण्डेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, राधा कृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, विधायक दल नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप सहित सभी कांग्रेस विधायकों एवं जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।

बैठक के दौरान डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर व्यापक एवं गंभीर मंथन भी किया गया। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव संगठनात्मक एकजुटता, रणनीतिक समन्वय और नेतृत्व के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा।

आगामी चुनावी रणनीति पर कांग्रेस का मंथन, एकजुटता और अनुशासन पर विशेष बल: आलोक कुमार दूबे

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने बताया पार्टी नेतृत्व द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रत्याशी चयन, समर्थन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस संदर्भ में संभावित समीकरणों, जनसमर्थन, पार्षदों के रुझान तथा संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि डिप्टी मेयर का पद केवल एक संवैधानिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नगर विकास, पारदर्शिता और जनहितकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कांग्रेस संगठन इस चुनाव को पूरी गंभीरता, अनुशासन और मजबूती के साथ लड़ेगा। साथ ही यह भी चर्चा किया गया कि संगठनात्मक स्तर पर संवाद, समन्वय और सक्रिय भागीदारी को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति को आगे बढ़ाया जा सके।

टूट चुका है भाजपा का भ्रम, शहरी मतदाताओं पर अपना एकाधिकार समझने का :राजीव रंजन प्रसाद

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि भले ही यह चुनाव दलगत आधार पर नहीं लड़ा गया, फिर भी भाजपा ने अपनी पूरी राजनीतिक ताकत झोंक दी थी। इसके बावजूद परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि शहरी मतदाताओं पर अपना एकाधिकार समझने का भाजपा का भ्रम अब टूट चुका है। नेताओं ने कहा कि जनता ने स्वतंत्र सोच और स्थानीय मुद्दों के आधार पर मतदान कर यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र में कोई भी दल स्थायी रूप से किसी वर्ग या क्षेत्र पर दावा नहीं कर सकता।

भाजपा को यहां हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान से सीख लेनी चाहिए:लाल किशोर नाथ शाहदेव

पूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की खुले मन से सराहना करनी चाहिए तथा राज्य सरकार, चुनाव आयोग और प्रशासनिक तंत्र को पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद देना चाहिए। नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अक्सर चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर आम जनों और विपक्षी पार्टी सवाल उठाती रही है, परंतु भाजपा को यहां हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से संपन्न यह चुनाव लोकतंत्र की मजबूती का सशक्त उदाहरण है और यह साबित करता है कि जब प्रशासनिक इच्छाशक्ति और पारदर्शिता हो, तो जनता का विश्वास और भी प्रगाढ़ होता है। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया देशभर में लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊर्जा देगी और आम मतदाता का भरोसा और अधिक मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!