Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव द्वारा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर की गई टिप्पणी को स्तरहीन बताते हुए कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के बीच जाने वाले और आम आदमी की तरह रहने वाले मंत्रियों से चिढ़ है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इरफान अंसारी जनता के मंत्री हैं। स्वास्थ्य मंत्री का रिक्शा चलाना या आम लोगों के बीच बैठना उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। भाजपा को शायद एसी कमरों में बैठकर राजनीति करने की आदत है, इसलिए उन्हें जमीन पर उतरने वाले मंत्री दिखावा लगते हैं। स्वास्थ्य मंत्री अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्था सुधारने के लिए खुद रात-दिन एक किए हुए हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी रातों-रात पैदा नहीं हुई है। यह भाजपा के 15 साल के कुशासन की देन है, जिसे हेमंत सरकार मिशन मोड में भर रही है। हज़ारों पदों पर बहाली की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि भाजपा ने अपने कार्यकाल में केवल नियुक्तियों को लटकाने का काम किया था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए पूरी तरह गंभीर है। रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। भाजपा जिन घटनाओं का जिक्र कर रही है, उनमें जांच के आदेश दिए जा चुके हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा लाशों पर राजनीति करना बंद करे। कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा कि प्रतुल शाहदेव केंद्र सरकार से झारखंड के स्वास्थ्य मद के रुके हुए फंड पर सवाल क्यों नहीं पूछते? केंद्र से मिलने वाली सहायता में कटौती के बावजूद राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रही है।
