Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम केवल भ्रम फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं की रिपोर्ट का राजनीतिकरण करना रह गया है। उन्होंने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट को आधा-अधूरा और तोड़-मरोड़ कर पेश करना भाजपा की पुरानी आदत है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू को यह भी बताना चाहिए कि केंद्र सरकार के पास झारखंड का 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपया बकाया क्यों है? अगर केंद्र यह हक दे दे, तो राज्य के विकास की गति चौगुनी हो जाएगी। केंद्र सरकार राज्य का पैसा रोककर खुद वित्तीय कुप्रबंधन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएजी रिपोर्ट में जिन उपयोगिता प्रमाण पत्रों और वित्तीय विसंगतियों का जिक्र अक्सर होता है, उनमें से एक बड़ा हिस्सा पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल का है। हेमंत सरकार तो पिछली सरकार के छोड़े गए वित्तीय कचरे को साफ करने का काम कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 14वें वित्त आयोग के पैसे को लेकर भाजपा का बयान हास्यास्पद है। केंद्र सरकार नियम और शर्तों के नाम पर जानबूझकर झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य के फंड को बाधित करती है। कांग्रेस प्रवक्ता  ने कहा कि भाजपा के पास जब कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वे जांच एजेंसियों का नाम लेने लगते हैं। राज्य सरकार हर मोर्चे पर पारदर्शी है। युवाओं को नियुक्तियां दी जा रही हैं, सरकार आपके द्वार के जरिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे भाजपा बौखला गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!