Ranchi : प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक, निराधार और राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। कांग्रेस न केवल सरकार का जिम्मेदार हिस्सा है, बल्कि जनहित के मुद्दों को उठाना भी अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझती है। सरकार के भीतर रहकर कमियों की ओर ध्यान आकर्षित करना लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है, न कि विरोधाभास।
महासचिव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा आज बड़े कॉरपोरेट घरानों के इशारों पर चलने वाली पार्टी बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के हाथों कठपुतली बनी भाजपा झारखंड में जमीन लूटने, कोयला और खनन माफियाओं को संरक्षण देने और महिलाओं की अस्मिता पर घड़ियाली आंसू बहाने वाली पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब प्रशासनिक संस्थाओं को भी राजनीतिक नजरिए से देखने लगी है और पुलिस व्यवस्था तक को तुष्टिकरण के चश्मे से आंकने का काम कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
महासचिव आलोक दूबे ने कहा कि भाजपा को आत्ममंथन करने की जरूरत है। जब देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई राज्यों में कानून-व्यवस्था और महंगाई जैसे मुद्दे गंभीर बने हुए हैं, तब भाजपा झारखंड में अनर्गल आरोप लगाकर अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। अगर कहीं कोई कमी है, तो उसे सुधारना ही एक जिम्मेदार दल का कर्तव्य है, जिसे कांग्रेस पूरी मजबूती से कर रही है।
आलोक दूबे ने कहा कांग्रेस और जेएमएम की गठबंधन सरकार रांची से लेकर दिल्ली तक के भाजपा नेताओं को डाइजेस्ट नहीं हो रहा है। प्रधानमंत्री से लेकर गृहमंत्री तक का एक ही एजेंडा है गठबंधन में दरार पैदा करना, जनता के हित में लिए जा रहे फैसलों को डिस्टर्ब करना,बेबुनियाद बयानबाजी कर राजनीतिक माहौल को भ्रमित करने का प्रयास करना जिसे झारखंड की जनता भली-भांति समझती है।
