Ranchi: हजारीबाग के विष्णुगढ़ में हुई घटना के उद्भेदन के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने तीखे तेवर अपनाते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक एवं अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और सच्चाई सामने लाने के लिए धन्यवाद और शाबाशी दी।

 

आलोक दूबे ने कहा कि पिछले पांच दिनों से भाजपा पूरे राज्य में भ्रम और भय का माहौल बनाकर जनता को गुमराह कर रही थी, लेकिन जैसे ही सच्चाई सामने आई, भाजपा का असली चेहरा उजागर हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता बिना तथ्यों के गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे और मामले को राजनीतिक रंग देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे।

 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि घटना के दौरान भाजपा नेताओं में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की होड़ मची हुई थी, लेकिन अब सच्चाई सामने आने के बाद उन्हीं नेताओं को फिर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

 

आलोक दूबे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना का आरोपी भाजपा से जुड़ा नेता प्रदेश अध्यक्ष के साथ घूम-घूम कर न सिर्फ गिरफ्तारी की मांग कर रहा था, बल्कि पूरे मामले पर भाजपा राजनीति करती नजर आ रही थी। उन्होंने इसे न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि आरोप लगाया कि भाजपा एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत राज्य को बदनाम करने की कोशिश कर रही थी, जिसमें वह एक बार फिर असफल रही।

आलोक दूबे ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब भाजपा के संरक्षण में कोयला माफिया, बालू माफिया, खनन माफिया और आपराधिक तत्व सक्रिय हुए हैं। दूबे ने सीधे तौर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्हें राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

आलोक दूबे ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर भाजपा ने माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी।उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील मामले में जांच एजेंसियों को समय देना चाहिए लेकिन भाजपा ने शुरू से ही राजनीति कर माहौल बिगड़ने का काम किया है जो निंदनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!