Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय मासूम बच्ची की नरबलि की घटना पर भाजपा नेताओं के रवैए को दुखद करार दिया है। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड की जनता देख रही है कि कैसे भाजपा अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती है। कांग्रेस पार्टी इस घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करती है और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस नरबलि मामले का किंगपीन भाजपा से जुड़ा है और वही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ बैठ कर बंद की रणनीति बना रहा था। अब भाजपा नेता बताएंगे कि वो झारखंड बंद को वापस लेंगे या नहीं।

उन्होंने भाजपा नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को इस संवेदनशील मुद्दे पर सफाई देने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा हर बार अपने कार्यकर्ताओं या करीबियों के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उसे संयोग बताकर पल्ला झाड़ लेती है। हजारीबाग की इस वीभत्स घटना में जिस आरोपी का नाम सामने आ रहा है, उसके साथ भाजपा के बड़े नेताओं की तस्वीरें उसकी सक्रियता का प्रमाण हैं। यह फोटो का संयोग नहीं, बल्कि अपराधियों का प्रयोग है जिसे भाजपा संरक्षण देती रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह घटना अत्यंत अकल्पनीय और दुखद है। एक मां का अपनी ही बेटी की बलि देना समाज में व्याप्त गहरे अंधविश्वास को दर्शाता है। राज्य सरकार और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों, जिसमें मां और तांत्रिक शामिल हैं, को जेल भेजा है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस मामले का स्पीडी ट्रायल हो और दोषियों को फांसी की सजा मिले।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता अब कह रहे हैं कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन वे स्वयं इस घटना की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे थे। जब अपराधी उनके दल से जुड़े होते हैं, तो वे सक्रिय कार्यकर्ता नहीं थे का बहाना बनाने लगते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!