Ranchi:झारखंड कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि यह बयान पूरी तरह भ्रामक, तथ्यों से परे और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के तहत वर्तमान हेमंत सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वर्ष 2023-24 और 2024-25 में राज्य में करोड़ों मानव दिवस सृजित किए गए, जिससे लाखों ग्रामीण परिवारों को सीधा रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मजदूरों के खाते में हजारों करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष भुगतान (DBT) सुनिश्चित किया है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।

उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में हर साल औसतन 7–8 करोड़ मानव दिवस सृजित हो रहे हैं। 30 लाख से अधिक पंजीकृत मजदूर परिवार योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। ₹6,000 करोड़ से अधिक का वार्षिक व्यय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है।

उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में कटौती की जा रही है, मजदूरी दर में अपेक्षित वृद्धि नहीं की जा रही, और भुगतान में देरी हो रही है। “असल में मजदूरों के हितों पर सबसे बड़ा प्रहार केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है, और राज्य पर आरोप मढ़कर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाना चाहती है,”

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने मनरेगा के माध्यम से जल संरक्षण, सिंचाई कूप, तालाब निर्माण, सड़क और हरित कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है।  उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी स्पष्ट किया कि झारखंड में मनरेगा कार्यक्रम पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और योजना को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ सामने आना चाहिए। “झारखंड की जनता सच्चाई जानती है—यह सरकार गरीब, मजदूर और किसान के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!