Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा दिए गए बयानों को पूरी तरह से राजनीति करार दिया है , जिसका सचाई से कोई वास्ता नहीं है ।लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का घुसपैठिया वाला राग केवल एक पुराना, घिसा-पिटा और विभाजनकारी हथकंडा है, जिसका उपयोग वे अपनी विफलताओं को छिपाने और राज्य की जनता को बांटने के लिए कर रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास राज्य के विकास, बेरोजगारी, महंगाई और आदिवासियों-मूलवासियों के हक की बात करने के लिए कुछ नहीं है। इसलिए, जब भी चुनाव करीब आते हैं, भाजपा घुसपैठिए, डेमोग्राफी चेंज और धार्मिक ध्रुवीकरण जैसे काल्पनिक मुद्दे उछालकर समाज में वैमनस्य फैलाना चाहती है। आदित्य साहू का बयान इसी हताशा की पराकाष्ठा है।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का यह आरोप कि राज्य सरकार वोट बैंक के लिए कुछ कर रही है, असल में चुनाव आयोग और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर अविश्वास जताने जैसा है। मतदाता सूची पुनरीक्षण एक पारदर्शी प्रक्रिया है जो चुनाव आयोग के अधीन होती है। यदि इसमें कोई त्रुटि है, तो उसे सुधारना आयोग का कार्य है, न कि भाजपा का प्रोपेगेंडा फैलाने का मंच।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता जिस तरह के अनर्गल आंकड़े पेश कर रहे हैं, वह उनकी मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। राज्य की जनता जानती है कि जीएसटी गठबंधन की सरकार ने आदिवासी, मूलवासी और गरीबों के कल्याण के लिए मंईयां सम्मान योजना जैसी जो ऐतिहासिक पहल की है, उससे भाजपा में घबराहट है। भाजपा को डर है कि कहीं उनके विभाजनकारी एजेंडे के कारण आदिवासी-मूलवासी एकजुट न हो जाएं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब केंद्र में उनकी सरकार है, सीमाएं उनके नियंत्रण में हैं, तो ये घुसपैठिए आ कैसे रहे हैं? अपनी केंद्र सरकार की विफलता को ढंकने के लिए राज्य सरकार पर आरोप लगाना सरासर गलत और अनैतिक है। वास्तविकता यह है कि भाजपा अपनी राजनीति चमकाने के लिए राज्य की डेमोग्राफी को सांप्रदायिक चश्मे से देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!