Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा का बयान सिधे तौर पर पंचायती राज व्यवस्था पर हमला है । ये बयानबाजी केवल उनकी हताशा को दर्शाती है। वे झारखंड सरकार के विकास कार्यों और गांव के प्रति बढ़ते जुड़ाव से घबरा गए हैं, इसलिए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार के नेतृत्व में जिस तरह से गांवों का विकास हो रहा है, उसे देखकर भाजपा बौखला गई है। भाजपा को यह समझ नहीं आ रहा है कि जनता के बीच अपना अस्तित्व कैसे बचाए रखें, इसलिए वे पंचायत चुनाव और फंड के नाम पर बेवजह का राजनीतिक शोर मचा रहे हैं।
वहीं भाजपा द्वारा फंड की निगरानी के नाम पर कार्यकर्ताओं को लगाने की बात पर पलटवार करते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह सीधे तौर पर जनप्रतिनिधियों को धमकाने और लोकतंत्र की प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश है। भाजपा का काम विकास में सहयोग करना नहीं, बल्कि अड़ंगा लगाना और अराजकता फैलाना रह गया है।
मुख्य प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा जो राशि भेजी गई है, वह कोई एहसान नहीं है, बल्कि झारखंड का संवैधानिक हक है। जिसके लिये 3 वर्ष तक इंतज़ार करना पड़ा है ।भाजपा नेताओं को यह आदत पड़ गई है कि वे राज्यों को मिलने वाले अधिकारों को भी उपहार की तरह पेश करते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने तीखे शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार पर बात करने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। केंद्र की सत्ता में बैठी भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पिछले 10 सालों में उन्होंने देश के संसाधनों को किन मित्रों के हवाले किया है। झारखंड सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है, और भाजपा को डर सता रहा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य की जनता जानती है कि पिछले चार वर्षों में किसने काम किया है और कौन केवल चुनाव के समय में सक्रिय होता है। भाजपा की निगरानी वाली धमकी से न तो राज्य सरकार डरेगी और न ही जनप्रतिनिधि। जनता आगामी चुनाव में इस नकारात्मक राजनीति का जवाब देगी।
