Ranchi: झारखंड के चर्चित ट्रेजरी घोटाले को लेकर भाजपा के आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी तरह से राजनीतिक एजेंडा से प्रेरित बयानबाजी है। जिस ट्रेजरी मामले को भाजपा हजारों करोड़ का घोटाला बताकर भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, उसके आधिकारिक आंकड़े लगातार जांच एजेंसियों द्वारा स्पष्ट किए जा रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर सामने आए करीब 3.5 करोड़ रुपये के अनियमितता के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, कुछ जिलों में और गड़बड़ियां सामने आईं, लेकिन इसे 350 करोड़ या उससे अधिक का घोटाला बताना पूरी तरह भ्रामक और अतिरंजित दावा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी है और जहां-जहां अनियमितता के संकेत मिले हैं, वहां कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब तक कई संदिग्ध लेन-देन की पहचान कर ली गई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
आलोक दूबे ने भाजपा के “सीआईडी पर सवाल” उठाने को भी साजिश करार देते हुए कहा कि जब भी किसी बड़े मामले की जांच शुरू होती है, भाजपा उसे प्रभावित करने के लिए एजेंसियों पर ही सवाल खड़े करने लगती है। उन्होंने कहा कि सीआईडी जैसी पेशेवर एजेंसी पर अविश्वास जताना सीधे-सीधे जांच को कमजोर करने की कोशिश है।उन्होंने मनोज कौशिक को हटाने की मांग पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी तरह निराधार और बिना तथ्यों के आरोप है। “किसी अधिकारी के पूर्व कार्यकाल को आधार बनाकर उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाना दुर्भावनापूर्ण है। यह जांच को पटरी से उतारने और दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है।”
आलोक दूबे ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि यदि मामला इतना बड़ा है, तो अब तक कोई ठोस साक्ष्य सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना जनता के साथ धोखा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अब तक कई स्तरों पर निगरानी बढ़ाई गई है और वित्तीय लेन-देन की डिजिटल ट्रैकिंग को और मजबूत किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
अंत में आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड की जनता अब तथ्यों और वास्तविकता को समझती है। “भाजपा की भ्रम फैलाने वाली राजनीति ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सच्चाई सामने आएगी और झूठे दावे अपने आप बेनकाब हो जाएंगे।”
