Ranchi:  झारखंड की सियासत में एक बार फिर राहुल गांधी के मुद्दे पर घमासान मच गया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों पर ऐसा पलटवार किया है कि सियासी गलियारों में भूचाल आ गया है। दूबे ने कहा – जिस राहुल गांधी को ‘मंदबुद्धि’, ‘दिवालिया’ और ‘पप्पू’ कहकर प्रधानमंत्री और भाजपा नेताओं ने मजाक उड़ाया, आज वही राहुल गांधी ने पूरी भाजपा की नकेल डाल दी है।

 

आलोक दूबे ने कहा कि राहुल गांधी जो पिछले 2 साल से कह रहे थे, वही बात अब चुनाव आयोग के भीतर की फाइलों से निकलकर सामने आ रही है।

 

वोट चोरी और SIR पर चुनाव आयोग में ही बगावत?

 

आलोक दूबे ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ काम कर रहे दो चुनाव आयुक्तों ने SIR और वोटर लिस्ट से जुड़ी प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज की है। मतदाता जोड़ने-हटाने और फैसलों की जानकारी छुपाने को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

 

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने 2025 में ही ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया था। तब चुनाव आयोग ने उसे निराधार बताया था। आज जब आयोग के अंदर से ही आपत्ति आ रही है तो भाजपा के चेहरे पर हवाइयां क्यों उड़ रही हैं? आरोप आयोग पर लगता है और दर्द भाजपा को होता है, ये रिश्ता क्या कहलाता है?”

 

ज्ञानेश कुमार को चेतावनी – ट्रायल होगा, जेल जाना पड़ेगा

 

कांग्रेस महासचिव ने सबसे बड़ा हमला मुख्य चुनाव आयुक्त पर बोला। उन्होंने कहा ज्ञानेश कुमार को राहुल गांधी की चेतावनी याद रखनी चाहिए। वक्त आने पर जवाबदेही तय होगी। राहुल गांधी ने जिस ट्रायल और कानूनी जवाबदेही की बात कही है, वह धमकी नहीं, लोकतांत्रिक मांग है। वह दिन दूर नहीं जब ज्ञानेश कुमार के ऊपर ट्रायल चलेगा और उन्हें जेल जाने से कोई नहीं रोक सकता है।

 

आलोक दूबे ने कहा कि देश का संविधान किसी प्रधानमंत्री, गृहमंत्री या भाजपा की निजी संपत्ति नहीं है। संविधान जनता का है और वोट की रक्षा करना लोकतंत्र की पहली जिम्मेदारी है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है।

 

बाल नरेंद्र से पप्पू तक – सियासी तंज

 

आलोक दूबे ने तंज कसते हुए कहा,जिस अंदाज में प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘बाल नरेंद्र’ कहा गया और राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहा गया, आज वही राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने के लिए भाजपा की पूरी मशीनरी लगी है। राहुल को छोटा साबित करने में लगे रहे, उसी नेता ने वोट के अधिकार को देश की सबसे बड़ी बहस बना दिया है। उन्होंने कहा कि देश के जैन जी ने भी प्रधानमंत्री को ’56 इंच का छोटा बंदर बाल नरेंद्र’ बना दिया है।

 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, बिहार, बंगाल में SIR और वोटर लिस्ट पर एक-एक करके सवाल उठाए। भाजपा ने हर बार खारिज किया, लेकिन आज चुनाव आयोग की आपत्तियों ने उन सवालों को सच साबित कर दिया है।

 

अंत में आलोक दूबे ने कहा – देश को जुमले नहीं, वोट की गारंटी चाहिए। संविधान की रक्षा चाहिए। भाजपा जितना राहुल गांधी का मजाक उड़ाएगी, उतना ही जनता पूछेगी – *वोट किसका है और उसका फैसला कौन करेगा?* कांग्रेस अंतिम दम तक हर वोटर के अधिकार की लड़ाई लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!