Ranchi: झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के असामयिक निधन पर कांग्रेस नेतृत्व ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश आज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।
इस दौरान के. राजू ने परिवार से मिलकर आत्मीय संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि संतान का असमय बिछोह किसी भी माता-पिता के जीवन की सबसे गहरी और असहनीय पीड़ा होती है। इस अपूरणीय क्षति के सामने शब्द भी मौन हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में वे स्वयं और पूरा कांग्रेस परिवार दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके परिवार के साथ पूरी संवेदना और आत्मीयता के साथ खड़ा है।
के. राजू ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि परमपिता परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जीवन की क्षणभंगुरता के बीच अपनों की स्मृतियां ही वह अमूल्य धरोहर हैं, जो सदैव हृदय में जीवित रहती हैं। दिवंगत बेटी की स्मृतियां परिवार के जीवन में सदैव स्नेह, ममता और आत्मीयता के रूप में बनी रहेंगी।
कांग्रेस परिवार ने इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की है। इस अवसर पर कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
