Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आयोजित देश के सबसे बड़े छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर शुक्रवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवक्ता मेंहुल दूबे तथा सदस्य पिया बर्मन, आरती कुमारी, नंदिनी कुमारी एवं अनामिका दूबे उपस्थित थे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि पासवा द्वारा 6 जुलाई 2026 को हरवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में देश का सबसे बड़ा छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में शामिल होने के लिए विद्यार्थी अपना मार्कशीट व्हाट्सएप नंबर 9431109538, 9431114487, 7903714760, 8210351296 अथवा ई-मेल alokdubey.ran@gmail.com पर भेजकर नि:शुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन से लेकर सम्मान समारोह तक की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होगी।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बच्चों एवं अभिभावकों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न विद्यालयों द्वारा भी मेधावी विद्यार्थियों की सूची भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल 90 या 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ही प्रतिभाशाली नहीं होते, बल्कि 60 से 65 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों में भी अपार संभावनाएं होती हैं। पासवा ऐसे विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का कार्य करता है।दिनांक 6 जुलाई प्रातः 9:30 बजे से सम्मान समारोह का उद्घाटन एवं बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा बच्चों को सर्टिफिकेट तथा मेडल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन की पहली बड़ी परीक्षा होती है और ऐसे में एक बड़े मंच पर सम्मानित होना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य करता है। पासवा पिछले 13 वर्षों से लगातार प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रहा है। आज कई सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाएं भी इस अभियान से प्रेरित होकर बच्चों के सम्मान के लिए आगे आ रही हैं, जो स्वागतयोग्य है।
दूबे ने बताया कि पासवा के मुख्य संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय मंत्री दीपिका पांडे सिंह होंगी, जबकि पद्मश्री मुकुंद नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा राज्यभर के 250 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्य एवं निदेशक विशेष रूप से समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों को आशीर्वाद देंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के उपरांत समारोह का आधिकारिक पोस्टर भी लॉन्च किया गया, जिसमें कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। पासवा ने राज्य के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं विद्यालयों से अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण कर कार्यक्रम का हिस्सा बनने की अपील की है।

