Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने रामगढ़ माइंस हादसे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी हर दुखद घटना में सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेकना जानती है। रामगढ़ की घटना अत्यंत दुखद है और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के प्रति पूरी संवेदनशीलता रखती है, लेकिन इस पर भाजपा का विलाप केवल अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने की एक नाकाम कोशिश है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि रामगढ़ हादसे को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह गंभीर हैं। मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। बिना जांच के सीधे एसपी और डीसी पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करना आदित्य साहू की अपरिपक्व सोच और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की भूख को दर्शाता है। कानून अपने तरीके से काम करता है और जो भी दोषी होगा, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, सलाखों के पीछे जाएगा।

उन्होंने कहा कि बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों को कमीशन बढ़ाने का खेल बताना बेहद शर्मनाक है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार भाजपा के डीएनए में है। जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी, तब राज्य की खनिज संपदा को दोनों हाथों से लूटा गया था। सरकार तो उस लीकेज को बंद कर रही है, जिससे बौखलाकर भाजपा अनर्गल प्रलाप कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष की ओर से वित्त मंत्री को लेकर दिया गया बयान पूरी तरह हास्यास्पद है। हमारी सरकार में पारदर्शिता है। अगर कोई मंत्री खुद जमीन पर उतरकर निरीक्षण कर रहा है, तो यह सरकार की सजगता और जनता के प्रति जवाबदेही को दिखाता है, न कि प्रशासन की नाकामी को। भाजपा को शायद मंत्रियों का वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलना हजम नहीं हो रहा है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार के कार्यकाल में ही अवैध खनन पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। राज्य पुलिस और प्रशासन लगातार माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। भाजपा केंद्रीय एजेंसियो का डर दिखाकर राज्य सरकार को डराने की कोशिश न करे। सरकार किसी भी लीपापोती के पक्ष में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!