Ranchi: झारखंड के सभी 16 कांग्रेस विधायकों ने एक बार फिर एकजुटता दिखाई। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप कुमार यादव के द्वारा बुलाई गयी प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के 12 विधायक शामिल हुए जबकी 4 विधायकों ने अपना वीडियो संदेश भेज कर एकजुटता प्रदर्शित की । प्रेस कांफ्रेंस में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप के अलावा मंत्री राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामेश्वर उरांव, ममता देवी, श्वेता सिंह, सोना राम सिंकु, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा और रामचंद्र सिंह मौजूद थे। जबकि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह,निशात आलम, कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह और नमन विक्सल कोंगाड़ी ने वीडियो जारी कर राज्यसभा चुनाव में गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को मतदान करने की बात कहीं ।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भाजपा और राजद द्वारा कांग्रेस प्रभारी और विधायकों पर लगाए जा रहे आरोप निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस विधायक दल ने पूरी एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। कांग्रेस विधायकों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार दोनों की संभावना रहती है। चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न रहने का अर्थ यह नहीं है कि बिना किसी तथ्य और प्रमाण के कांग्रेस विधायकों की निष्ठा और प्रतिबद्धता पर प्रश्नचिह्न लगाया जाए।

पार्टी विधायकों ने कहा कि भाजपा को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्हें सोचना चाहिए कि क्यों वो किसी झारखंडी नेता अथवा कार्यकर्ता को अपना उम्मीदवार नहीं बना पाए? क्यों उन्हें ‘धनवानी जी’ को अपना उम्मीदवार बनाना पड़ा? ये सर्वविदित है कि कैसे पैसे का खेल हुआ? कैसे झारखंडी अस्मिता की बोली लगवाई गई? क्योंकि अगर ये नहीं हुआ तो महागठबंधन के 56 वोट में से 6 वोट कहां गए? BJP और सहयोगी दलों के पास तो महज 24 वोट थे, उनके पास अतिरिक्त 6 वोट कहां से आए ? जाहिर है, धोखा हुआ-विश्वासघात हुआ और ये धोखा महागठबंधन के दूसरे उम्मीदवार के साथ हुआ है तो उससे बड़ा धोखा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुआ है। क्योंकि वो महागठबंधन दल के मुखिया हैं। उन्होंने परिश्रम किया था और सभी उनकी रणनीति से आस्वस्त थे। अब हम सभी को इंतज़ार है कि इस धोखे का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैसे जवाब देंगे।

हमें विश्वास है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसकी जांच करेंगे और दोषी के ऊपर कार्रवाई करेंगे। हमारे शीर्ष नेतृत्व, सहयोगी दलों के शीर्ष नेतृत्व से बात कर रहे हैं। स्थिति का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। इसलिए, हम अपने सहयोगी दलों से भी अपेक्षा करते हैं कि वे सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप से बचें।कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि किसी भी परिस्थिति में राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। हम झारखंड के लोगों के हितों, सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह समय आपसी दोषारोपण का नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर आत्ममंथन तथा जनता के मुद्दों पर केंद्रित राजनीति करने का है। 2024 विधान सभा चुनाव के प्रचंड बहुमत के बाद इस राज्य सभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार का जीतना भाजपा की ‘प्रचलित सूटकेस- राजनीति को पुनर्स्थापित करता है। साथ ही हम सबों को भी अपने गिरेबान में झांकने को मजबूर करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!