Ranchi:दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल द्वारा सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा (2025-26) में 500 में 500 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। अजय राय ने कहा कि अवनी केजरीवाल की यह असाधारण सफलता न केवल डीपीएस रांची के लिए, बल्कि पूरे रांची शहर और झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

अवनी केजरीवाल

उन्होंने कहा कि अवनी ने अपनी प्रतिभा और अथक मेहनत से पूरे देश में झारखंड का मान बढ़ाया है तथा लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड की बढ़ती पहचान का भी प्रतीक है।

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए अवनी केजरीवाल, उनके माता-पिता, विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अवनी भविष्य में भी नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से अवनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुनः हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!