Ranchi: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश ने गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की समीक्षा बैठक को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की है।
भाजपा के SIR के प्रदेश संयोजक सह प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा है कि 26 जुलाई, 2026 को महागामा के मेहरमा प्रखंड कार्यालय में स्थानीय विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की मौजूदगी में SIR की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव (SIR प्रभारी) सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। बैठक की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।
राकेश प्रसाद ने कहा कि SIR भारत निर्वाचन आयोग की एक महत्वपूर्ण और निष्पक्ष प्रक्रिया है। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा बैठक करना उचित नहीं है। इससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं और संबंधित अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव या प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
भाजपा ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
