Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास जनहित या युवाओं के विकास के लिए कोई ठोस नीति नहीं है, इसलिए वे झूठ, भ्रम और झूठे घड़ियाली आंसू बहाकर राजनीति साधने का प्रयास कर रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ भाजपा शासित राज्यों में हुआ है। मध्य प्रदेश का बहुचर्चित ‘व्यापमं घोटाला’ हो या हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में हुए दर्जन भर से अधिक पेपर लीक—तब भाजपा नेताओं की नैतिकता कहां सोई हुई थी? केंद्रीय स्तर पर नीट जैसी परीक्षा में हुए ऐतिहासिक घपले पर पूरा देश भाजपा की खामोशी और संवेदनहीनता को देख चुका है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है। किसी भी परीक्षा में अगर कोई गड़बड़ी या सॉल्वर सिंडिकेट की शिकायत मिलती है, तो हमारी सरकार तुरंत कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का नाम घसीटते हैं। राहुल गांधी जी ने हमेशा देश के युवाओं और छात्रों के हक की आवाज़ उठाई है। भाजपा को उनसे सवाल करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा छात्रों के दर्द को साझा नहीं कर रही, बल्कि उनके आंदोलन को हाईजैक करके अपना राजनीतिक उल्लू सीधा करना चाहती है। राज्य सरकार संवेदनशील है और छात्रों की हर जायज़ मांग व व्यवस्था का ध्यान रख रही है। केंद्र में जब देश भर का युवा रोजगार मांगता है, तो उस पर लाठियां बरसाई जाती हैं और दो करोड़ नौकरियों का वादा करने वाली भाजपा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड की महागठबंधन सरकार राज्य के लाखों युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां देने के लिए दिन-रात काम कर रही है। भाजपा का षड्यंत्र युवाओं के जोश को भड़काकर राज्य में अस्थिरता फैलाना है, लेकिन झारखंड का जागरूक युवा भाजपा के इन सियासी पैंतरों को भली-भांति समझता है।
