Ranchi/Chatra : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चतरा जिले के टंडवा थाना अंतर्गत बड़गांव ग्राम में दलित नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय एवं हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के उपरांत नेता प्रतिपक्ष ने वहां उपस्थित सैकड़ों ग्रामीणों को संबोधित करते हुए घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य के किसी भी कोने पर इस तरह की घटित घटना का सदैव विरोध करती है। उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि यहां भाजपा के सांसद-विधायक भी हैं, भाजपा आपकी लड़ाई में भरपूर साथ देगी। यहां से लेकर कोर्ट में भी भाजपा आपके साथ खड़ी मिलेगी।

बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लचर कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मामले की पारदर्शी तरीके से जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और सरकार को सचेत करते हुए कहा कि आम लोगों के सब्र का अधिक इम्तिहान नहीं लें। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस एक टूल की तरह काम कर रही है और सरकार ने उन्हें उगाही में लगा रखा है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उक्त मामले का अपराधी पहले भी पोक्सो एक्ट में जेल जा चुका है। इसलिए ऐसे शातिर अपराधी को किसी भी हाल में नहीं छोडा जाना चाहिए।समाज के लोगों का भी दायित्व है कि ऐसे शातिर आदतन अपराधी को समाज से बहिष्कृत किया जाना चाहिए। ऐसे कुकर्मियों को समाज पालेगा तो सद्भावना बिगड़ेगी। अगर समाज में कोई भी व्यक्ति ऐसे दुष्कर्मियों को बचाने की कोशिश करता है तो समाज को वैसे लोगों का भी विरोध करना चाहिए।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीड़ित बच्ची को अपराधी ने तीन दिनों तक अपने घर में अपने परिवार के समक्ष रखा और लगातार दुष्कर्म करता रहा। लेकिन परिवार के किसी भी सदस्य ने उस बच्ची की इज्जत को बचाने की कोशिश नहीं किया। अगर वे चाहते तो पुलिस को इसकी सूचना देकर बच्ची के साथ की गई अमानवीय घटना को रोक सकते थे। अतः इस पूरी घटना में परिवार के सभी सदस्य भी बराबर के दोषी हैं। इसलिए परिवार के सभी सदस्यों को अविलंब गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
बाबूलाल मरांडी ने पुलिस प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि सूचना मिलने के बाद भी टंडवा थाना की पुलिस ने अपना दायित्व नहीं निभायाऔर उल्टा पीड़िता के माता पिता को ही जेल में डाल दिया गया है। जबकि सूचना है कि जिस हैवान ने अपने परिवार के समक्ष बच्ची से दुष्कर्म किया, उनके परिजनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अपना रवैया बदले। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो लोग दोषी हैं, उस पर कारवाई की जाए। किसी के दबाव में आकर निर्दोष लोगों पर अगर कार्रवाई की गई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने दोषियों के लिए जल्द से जल्द कठोर सजा और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने पीड़िता को उसके घर भेजने एवं उसके माता पिता को अविलंब छोड़ने की मांग की है।
पीड़िता के परिवार से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, सांसद काली चरण सिंह, विधायक प्रदीप प्रसाद, उज्जवल दास, पूर्व सांसद मनोज भुईंया, पूर्व विधायक जयप्रकाश भोक्ता, किशुन दास और प्रभात भुईंया शामिल थे।
