Ranchi: राजधानी रांची में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की बोर्ड ऑफ स्टडीज ऑपरेशन के तत्वावधान में रांची में सीए छात्रों के लिए दो दिवसीय मेगा कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा कॉन्फ्रेंस ‘DIVYATA – A Vision Beyond Boundaries’ नाम से 3 एवं 4 अक्टूबर को शौर्य ऑडिटोरियम, JAP-1, डोरंडा, रांची में आयोजित होगी।
कॉन्फ्रेंस की मेजबानी ICAI की रांची शाखा (CIRC) एवं रांची शाखा सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CICASA) द्वारा की जा रही है।
600 से अधिक छात्र लेंगे हिस्सा, मिलेगा सीखने का उत्कृष्ट मंच
इस कार्यक्रम को लेकर आईसीएआई रांची शाखा के चेयरमैन सीए अनीश जैन एवं रांची शाखा सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CICASA) के चेयरमैन सीए हरेंद्र भारती ने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में देशभर से 600 से अधिक सीए विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए सीखने, अपने कौशल को निखारने तथा अपने विचार साझा करने का एक उत्कृष्ट मंच होगा।
उन्होंने कहा कि रांची में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीए छात्रों के लिए इस तरह का आयोजन हो रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल दुनिया के लिए तैयार करना है।
डायरेक्ट टैक्स से लेकर कैपिटल मार्केट तक पर होंगे सेशन
कॉन्फ्रेंस के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों पर नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे। इसमें डायरेक्ट टैक्स, ऑडिट एवं एश्योरेंस, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग और कैपिटल मार्केट्स जैसे विषय शामिल हैं।

इन विषयों पर देश के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ,सीए विजय सारदा, सीए ऋषभ जैन, सीए सार्थक जैन एवं सीए शिवम पालन विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे तथा अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे।
इसके साथ ही स्किल-अप सेशन में सीए अक्षांश गर्ग, सीए अभिनव शाह (को-फाउंडर, ओसम डेयरी एवं दिशाएँ), सीए आशीष कालरा एवं सीए ईशा वर्मा विद्यार्थियों को पहले प्रयास में सीए उत्तीर्ण करने, पढ़ाई, जुनून एवं प्रोफेशन के संतुलन तथा प्रैक्टिस से आगे ब्रांड निर्माण जैसे विषयों पर प्रेरित करेंगे। यह सेशन छात्रों के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी माना जा रहा है, क्योंकि अक्सर छात्र पढ़ाई के दबाव में मोटिवेशन खो देते हैं।
बोर्ड ऑफ स्टडीज के उपाध्यक्ष भी रहेंगे मौजूद
कॉन्फ्रेंस में बोर्ड ऑफ स्टडीज – ऑपरेशन के उपाध्यक्ष *सीए ज्ञान चंद्र मिश्रा, सेंट्रल इंडिया सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता* एवं इंस्टीट्यूट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वे सीए विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में हो रहे नवविचार, नए सीखने के अवसरों तथा बोर्ड ऑफ स्टडीज की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।
सिर्फ पढ़ाई नहीं, सर्वांगीण विकास पर फोकस
आयोजकों ने बताया कि इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में विद्यार्थियों के लिए इंटरएक्टिव सेशन, प्रेरक सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य सीए विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी व व्यावसायिक ज्ञान से जोड़ना, उन्हें प्रोफेशनल चुनौतियों के प्रति तैयार करना और उन्हें भविष्य के योग्य चार्टर्ड एकाउंटेंट के रूप में सशक्त बनाना है।
पंजीकरण शुल्क मात्र 500 रुपये
कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये प्रति विद्यार्थी रखा गया है तथा पंजीकरण bosactivities.icai.org पर किया जा सकता है। आयोजकों ने झारखंड सहित बिहार, बंगाल और छत्तीसगढ़ के छात्रों से भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाला, सचिव सीए दिलीप कुमार, कॉन्फ्रेंस के मेंटर सीए रणजीत गारोदिया, कन्वीनर सीए हर्ष वर्मा, को-कन्वीनर सीए ऋषभ नंदा तथा सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल, सचिव खुशी गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष कोमल अग्रवाल भी उपस्थित थे।
