रांची:झारखंड भाजपा ने आज झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर बड़ा हमला बोला। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा, आर्किटेक्ट विनोद सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच व्हाट्सएप चैट की जो खबरें आ रही है,उस में बताया जा रहा है कि बडगाई की विवादास्पद 8.46 एकड़ जमीन पर भव्य एवं आलीशान बैंक्वेट हॉल बनाने की तैयारी थी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, मीडिया की खबरों के अनुसार चैट में आर्किटेक्ट विनोद ने पूर्व मुख्यमंत्री के लिए हॉल का जो नक्शा बनाया है उसमें उनको ‘मिस्टर एक्स’ कहकर संबोधन किया है। प्रतुल ने कहा कि इसी ‘मिस्टर एक्स’ ने झारखंड का ‘ए टू जेड’ यानी सब कुछ लूट लिया। 4 वर्षों के कार्यकाल में इस सरकार के ऊपर 70 हजार करोड़ रुपयों के भ्रष्टाचार,लूट ,खसोट का आरोप लगा।
वहीं भाजपा प्रवक्ता ने कहा सूचनाएं आ रही है कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आर्किटेक्ट विनोद के बीच हुए चैट में कई दर्जन बड़े अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग की भी डीलिंग हुई थी। बड़े अफसरों में अभी तो सिर्फ पूर्व खान सचिव और रांची के पूर्व डीसी जेल में है।अभी कई और बड़े लोग जेल जाने की कतार में है।
वही झारखंड की गठबंधन सरकार में शामिल सत्ता पक्ष की सबसे बड़ी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए झारखंड बीजेपी प्रवक्ता ने साफ तौर पर कहा कि, झारखंड मुक्ति मोर्चा हास्यास्पद तरीके से पूर्व मुख्यमंत्री के लिए रिमांड में सुख सुविधाओं की मांग कर रही है। सत्ताधारी दल यह भूल रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के संगीन आरोप में जेल गए थे और फिलहाल ईडी के रिमांड में उनसे पूछताछ हो रही है। वह किसी रिसोर्ट में छुट्टी नहीं मना रहे हैं। उन पर झारखंड को लूटने के गंभीर आरोप लगे हैं जिसकी जांच हो रही है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा वंशवादी राजनीतिक दलों में ऐसा ही होता है कि इसके नेता और कार्यकर्ता अपने आप को कानून से ऊपर समझते हैं।झामुमो जिस तरीके से रिमांड की अवधि को बढ़ाने पर आपत्ति कर रही है,यह सीधे तौर पर न्यायालय के कार्य में हस्तक्षेप है। वैसे भी इन वंशवादी राजनीतिक दलों के लिए सहूलियत के हिसाब से चीजें तय होती है।उनके पक्ष में फैसला आया तो न्यायालय निष्पक्ष,पक्ष में नहीं आया तो भेदभाव का आरोप।जिस तरीके से ईडी की पूछताछ चल रही है,बहुसंभव है कि इस लूट के ‘महाखेला’ के कई और नए चौकाने वाले किरदार शीघ्र सामने आएंगे।