New Delhi: विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर खूंटी के लोकसभा सांसद कालीचरण मुंडा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, श्रद्धांजलि अर्पित की एवं झारखंड सहित देश के सभी आदिवासी भाई बहनों एवं समाज के सभी वर्गों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कांग्रेस नेता एवं सांसद कालीचरण मुंडा ने इस मौके पर कहा आदिवासी समाज का समृद्ध व गौरवशाली इतिहास रहा है। आज पूरी दुनिया आदिवासी दिवस धूम-धाम एवं हर्षोउल्लास के साथ मना रही है। आदिवासी समाज की उपलब्धी,उनके योगदान एवं गौरवशाली परंपरा को याद कर रही हैं। वर्तमान समय में आज की युवा पीढ़ी को आदिवासियों के जीवन शैली से अवगत कराने की जरूरत है तभी आदिवासी परंपरा बचेगी।
वहीं वहां मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा, आदिवासी समाज जल-जंगल-जमीन के सजग प्रहरी हैं, हमारी संस्कृति,परम्परा के संवाहक प्रकृति के सच्चे सेवक हैं। विश्व की सबसे प्राचीन आदिवासी सभ्यता, संस्कृति के संरक्षण एवं आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने की आज जरूरत है। आलोक दूबे ने कहा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा ही आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकार की बात कही और उनके लिए एक मजबूत एवं सशक्त कानून बनाया, वर्तमान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आदिवासियों के लिए सरना कोड दिए जाने की बात कही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा विश्व आदिवासी दिवस एक ऐसा दिन है जो विश्व भर में आदिवासी समुदाय के संरक्षण, सम्मान और समृद्धि को समर्पित है। आज के दिन हम सभी उन वीर लोगों को भी याद करते हैं जो अपने संघर्षों के बावजूद अपनी संस्कृति और अपने धरोहर को समृद्ध करने में समर्थ रहे हैं।
वहीं इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा विश्व की सबसे प्राचीन आदिवासी सभ्यता, आदिवासी समाज अतुलनीय परंपराओं, संस्कृतिक पहचान और समावेशी समाज के निर्माण के लिए पहचाने जाते हैं।कला, जीवन शैली, वेशभूषा और सांस्कृतिक विविधताओं को अपने में संजोकर रहने वाले आदिवासी भाई बहनों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई शुभकामनाएं।