Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पर बड़ा निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि साहिबगंज की हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। बीमार किशोरी को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ा और मौत के बाद भी शव ले जाने के लिए एंबुलेंस तक नहीं मिली। परिजन शव को खाट पर रखकर 10 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हुए।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी जनता पर हैं बोझ – बाबू लाल मरांडी
बाबू लाल मरांडी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने एंबुलेंस संचालन की जिम्मेदारी अपने करीबी को सौंप दी है और सरकारी अस्पताल के कामकाज में उनका अबोध बेटा भी हस्तक्षेप कर रहा है। ऐसे निकम्मे मंत्री न सिर्फ सरकार पर, बल्कि जनता पर भी बोझ बन चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जी से आग्रह करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस सेवाओं की तत्काल समीक्षा करें और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करें, ताकि जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न झेलनी पड़े।
कांग्रेस ने भाजपा पर किया पलटवार
वहीं भाजपा पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। अब तो भाजपा मंत्री जी को छोड़कर उनके बेटे कृष अंसारी पर हमलावर है जो कि अभी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड लगातार कर रहा है प्रगति
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं, आज झारखंड के लगभग सभी पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना हो चुकी है। गठबंधन की सरकार कोरोना जैसे विश्व व्यापी आपदा से भी अच्छी तरह निपटने का काम किया और अपने आंतरिक संसाधनों से अन्य राज्यों के तुलना में बेहतर काम हुआ और हम नागरिकों का पेट भरने में भी सफल हुए।
दोहरा चरित्र अपना रही है भाजपा-लाल किशोर नाथ शाहदेव
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के लोग दोहरा चरित्र अपना रहे हैं। साहेबगंज में मरीज को एंबुलेंस नहीं मिला तो इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री और उनके पुत्र जिम्मेवार हैं, लेकिन वहीं स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य सेवा को आधुनिक बनाना चाहे, दुनिया के हेल्थ सर्विस का मुकाबला करना चाहे, रिम्स-2 निर्माण करना चाहें तो यही बाबूलाल मरांडी झंडा उठाकर विरोध करने पहुंच जाते हैं। भाजपा के दूसरे नेता ग्रामीणों को भड़काने पहुंच जाते हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया को भाजपा करती है बाधित
झारखण्ड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि हमारे पास मैन पावर की कमी है जिसको दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग में नियुक्ति की जा रही है, कल भी स्वास्थ्य मंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण किया है। हम यह कह सकते हैं कि हमारा नियत साफ है, हम स्वास्थ्य सेवा को घर घर पहुंचाना चाहते हैं लेकिन भाजपा अपने गलत नीतियों से नियुक्ति प्रक्रिया को भी बाधित करती रही है।