Ranchi: नवरात्रि के पावन अवसर पर डीएवी सरला स्कूल तुपुदाना में छोटे बच्चों के लिए एक रंगीन डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाचार्य मेहुल दूबे ने किया, जिसका उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पारंपरिक वेश भूषा के साथ डांडिया नृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने आनंद और उत्सव की भावना को प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्हें नवरात्रि और अन्य भारतीय त्योहारों के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में भी शिक्षा दी गई। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका आरती मिंज, मेघा बाखला और महिमा सिंह की गरिमामय उपस्थिति भी रही, जिन्होंने कार्यक्रम में बच्चों का मार्गदर्शन और उत्साह बढ़ाया।
प्रधानाचार्य मेहुल दूबे ने बच्चों को त्योहार का आनंद लेते और संस्कृति का ज्ञान प्राप्त करते देखकर अपनी खुशी व्यक्त की और बोला नवरात्रि का यह उत्सव बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह उन्हें हमारी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर भी प्रदान करता है।
वहीं उन्होंने कहा कि हमारे छोटे विद्यार्थियों ने आज डांडिया में बड़ी ही उमंग और उत्साह के साथ भाग लिया, और उनके चेहरे पर खुशी देखना हमारे लिए गर्व की बात है। डीएवी सरला स्कूल में हम शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


