Ranchi: चाईबासा सदर अस्पताल की दुखद घटना पर बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए आरोपों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने  पलटवार करते हुए सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और उनकी पार्टी की ओर से प्रदेश भर में धरना देकर इस संवेदनशील और दुखद मामले पर भी सस्ती राजनीति की जा रही है। जिस घटना से सभी मर्माहत हैं, उस पर बाबूलाल मरांडी घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आते ही राज्य के सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कठोर कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी हों या कर्मचारी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बाबूलाल मरांडी को समझना चाहिए कि सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषी पाए जाने वालों को न सिर्फ सस्पेंड किया गया है, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की ओर से आज केंद्र सरकार के एक पत्र का हवाला दिया जा रहा हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनकी पार्टी ने राज्य में वर्षों तक शासन किया है। अगर ब्लड बैंकों में अनियमितताएं थीं, तो तत्कालीन भाजपा सरकारों ने इसे क्यों नहीं सुधारा? अब जब कांग्रेस गठबंधन की सरकार व्यवस्था सुधारने में जुटी है, तो वह केवल राजनैतिक लाभ के लिए पुराने पत्रों का सहारा ले रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग करना भाजपा की पुरानी आदत है, जिसका एकमात्र उद्देश्य राज्य सरकार को अस्थिर करना और चुनावी माहौल को गरमाना है। हेमंत सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ इस घटना की उच्चस्तरीय जांच करा रही है, और हम सुनिश्चित करेंगे कि सत्य सामने आए और दोषियों को कठोरतम सजा मिले। जनता को पता है कि राज्य सरकार लापरवाही और भ्रष्टाचार को संरक्षण नहीं देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!