Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के देवघर में दिये उनके बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा ने देवघर में जिस तरह से भ्रामक बातें की हैं, वह दर्शाता है कि झारखंड में बीजेपी के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है। वो केवल जनता को गुमराह करने और भावनात्मक मुद्दों को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि संताल परगना में घुसपैठ के संबंध में जेपी नड्डा ने जो गैर-जिम्मेदाराना आरोप सरकार पर लगाए हैं, वह पूरी तरह से निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। अगर उन्हें घुसपैठ की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें केंद्र की एनडीए सरकार से पूछना चाहिए कि अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में वह क्यों विफल रही? सीमा पर पहरा देना और घुसपैठ को रोकना केंद्र सरकार का संवैधानिक दायित्व है। हमारी सरकार पूरी तरह से संवेदनशील है और कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। जेपी नड्डा अपनी पार्टी की विभाजनकारी तुष्टिकरण की राजनीति को झारखंड में लागू करने की कोशिश न करें।

 

कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर जेपी नड्डा कांग्रेस और सहयोगियों पर जो कटाक्ष कर रहे हैं, वो उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। बिहार में हुए परिणाम पर पार्टी मंथन कर रही है ।और हमे यह याद रखना चाहिए कि राजनीति में हार-जीत होती है। कांग्रेस और आरजेडी आज भी बिहार में एक मजबूत विपक्षी गठबंधन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!