New Delhi: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में “वोट चोर, गद्दी छोड़” महारैली में भाग लेकर लोकतंत्र की रक्षा और जनादेश के सम्मान की बुलंद आवाज उठाई। रैली में शामिल कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण एवं संगठित प्रदर्शन किया।
महारैली के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर “वोट चोर, गद्दी छोड़”, “लोकतंत्र की हत्यारी सरकार वापस जाओ”, “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से”, “बोल रे साथी, हल्ला बोल” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराते नजर आए। नारों और तख्तियों के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने और जनमत के सम्मान की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनादेश की अनदेखी कर सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।
इसके बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लोकतंत्र की आत्मा जनता के वोट में बसती है और जब उसी वोट के साथ खिलवाड़ किया जाता है, तो देश की बुनियाद कमजोर होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी जनादेश की चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और यह संघर्ष सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है।
महारैली में झारखंड से आए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के लिए एकजुट है और जनता की आवाज़ को सड़क से संसद तक पूरी ताकत से उठाती रहेगी।
इस मौके पर डॉ रामेश्वर उरांव,धीरज प्रसाद साहू, डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू,दीपिका पाण्डेय सिंह,फुरकान अंसारी ,डॉ इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, राधाकृष्ण किशोर,राजेश कच्छप, राजेश ठाकुर,आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता, डॉ तौशिफ,अभिलाश साहू, अजय दूबे,शशिभूषण राय, सुरेन्द्र सिंह, अमरेन्द्र सिंह, विनय सिन्हा दीपू,सतीश केडिया,अजय सिंह,निरंजन शर्मा,पप्पू पासवान, शमशेर आलम,विजय खां मुख्य रुप से उपस्थित थे।


