Ranchi: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर 05 जनवरी 2026 से “मनरेगा बचाओ अभियान” की शुरुआत की जा रही है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर प्रदेश भर में इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने जानकारी दी कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार 05 जनवरी 2026 को सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा जिला, प्रखंड, मंडल, ग्राम पंचायत एवं वार्ड अध्यक्षों की बैठक आहूत की जाएगी। बैठक में मनरेगा बचाओ अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सामूहिक शपथ भी दिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी अगले चुनाव तक निरंतर आंदोलन करेगी और केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा। इसकी औपचारिक और संगठित शुरुआत 05 जनवरी से पूरे राज्य में एक साथ होगी।

 

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों की आजीविका और सम्मान से जुड़ा हुआ अधिकार है। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने एवं गरीबों के रोजगार पर प्रहार करने को लेकर कांग्रेस पार्टी निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनता की आवाज बनेगा और गांव-गांव जाकर मनरेगा को बचाने का संदेश दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!