Ranchi:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे झूठ का पुलिंदा और गरीबों के हक पर हमला करार दिया है।उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के तहत झारखंड में लाखों मानव दिवस सृजित किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के बार बार आग्रह के बावजूद केंद्र सरकार करोड़ों का बकाया भुगतान करने में विलम्ब कर रही है।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का जी राम जी योजना का राग अलापना असल में मनरेगा जैसी ऐतिहासिक और क्रांतिकारी योजना को खत्म करने की एक गहरी साजिश है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ने संकट के समय करोड़ों ग्रामीणों और प्रवासी मजदूरों को जीविका का साधन दिया है। अब केंद्र सरकार विकसित भारत के नाम पर जटिल नियम और एआई का बहाना बनाकर ग्रामीणों को रोजगार से वंचित करना चाहती है। यह योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ध्वस्त करने का षड्यंत्र है।

भाजपा द्वारा जी राम जी नाम के इस्तेमाल पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस को राम से नहीं, बल्कि भाजपा की उस मानसिकता से दिक्कत है जो भगवान के नाम का उपयोग अपनी विफलताओं और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए करती है। भाजपा के लिए राम केवल चुनावी एजेंडा हैं, जबकि कांग्रेस के लिए सेवा ही धर्म है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा 60:40 के अनुपात की बात कर रही है, जो सीधे तौर पर राज्यों के सीमित संसाधनों पर बोझ डालना है। केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और विकास का सारा बोझ राज्य सरकारों के मत्थे मढ़ना चाहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार की बात करती है, लेकिन खुद उनकी केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में मनरेगा के बजट में लगातार कटौती की है। डिजिटल उपस्थिति और तकनीकी जटिलताओं के नाम पर मजदूरों की मजदूरी रोकना ही भाजपा का असली विकसित मॉडल है।

मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर उस कदम का विरोध करेगी जो जल-जंगल-जमीन और गरीब के रोजगार के खिलाफ होगा। भाजपा चाहे जितने भी गोष्ठी और सभाएं कर ले, झारखंड की जनता उनकी ‘नियत और नीति’ को पहचान चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!