Ranchi: झारखंड अलग राज्य की मांग करने वाले पहले आंदोलनकारी, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं विश्वविख्यात हॉकी खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, विनय कुमार सिंह एवं मेंहुल दूबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा न केवल झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे, बल्कि वे आदिवासी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के प्रतीक भी थे। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का सपना जयपाल सिंह मुंडा ने जिस दूरदृष्टि के साथ देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सभी पर है। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने देश और दुनिया में झारखंड की पहचान बनाई। आज जरूरत है कि उनकी सोच के अनुरूप आदिवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में वास्तविक सशक्तिकरण मिले।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा ने आदिवासी समाज को राजनीतिक चेतना दी और अधिकारों के लिए संगठित किया। उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी हितों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जयपाल सिंह मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
