Ranchi: भारत मौसम विज्ञान विभाग, भारत मौसम विज्ञान केन्द्र झारखण्ड राँची के विशेष बुलेटिन के द्वारा झारखण्ड में अगले आदेश तक के लिए भारी ठंड एवं शीतलहरी से संबंधित चेतावनी उपलब्ध करायी गयी है। विदित हो कि येलो जोन की श्रेणी में राँची जिला को चिन्हित करते हुए भारी ठंड एवं शीतलहरी की संभावना व्यक्त की गयी है। इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत् राँची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी / गैर-सरकारी / निजी विद्यालयों में वर्ग KG से वर्ग 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य दिनांक 05.01.2026 से 06.01.2026 तक स्थगित किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन को निदेश दिया जाता है कि वे उल्लेखित आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा आयोजित है तो अपने विवेकानुसार विद्यालय में परीक्षा का संचालन करेंगे। एवं 10 वीं एवं 12 वीं की कक्षाओं का संचालन विद्यालय अपने विवेकानुसार करेंगे। जानकारी हो की सरकारी विद्यालय शीतकालीन छुट्टियां हेतु 05 जनवरी तक पहले से ही बंद हैं। दिनांक 6 जनवरी को सरकारी विद्यालय शिक्षकों हेतु खुले रहेंगे, जिसमें शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति eVV पर दर्ज करेंगे एवं विद्यालय के गैर शैक्षणिक कार्यों को निष्पादित करेंगे।
रांची जिला प्रशासन का बच्चों के हित में लिया गया फैसला स्वागत योग्य- पासवा

वहीं रांची उपायुक्त के इस फैसले का पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वागत किया। पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा की बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सभी विद्यालयों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राँची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों से जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करने का आग्रह किया है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि शीतलहरी और अत्यधिक ठंड की स्थिति में बच्चों को विद्यालय बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय दूरदर्शी और जनहित में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पासवा सदैव छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के हितों के संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यालयों में इस अवधि में परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, वे प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप एवं छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने विवेक से निर्णय लें। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के संचालन के संबंध में भी विद्यालयों से सतर्कता और संवेदनशीलता बरतने की अपील की गई।
पासवा ने यह भरोसा दिलाया कि विद्यालय संघ के रूप में संगठन जिला प्रशासन के हर सकारात्मक और छात्रहित में लिए गए निर्णय के साथ मजबूती से खड़ा है तथा आगे भी शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित, संतुलित और अनुशासित बनाए रखने में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाता रहेगा।
