Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा शहरी निकाय चुनाव को लेकर दिए गए धरने को हास्यास्पद और जनता को गुमराह करने वाला करार दिया है। उन्होंने भाजपा के आरोपों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जो पार्टी खुद लोकतांत्रिक परंपराओं का गला घोंटने में माहिर है, वो आज चुनाव की दुहाई दे रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने स्थानीय निकायों के अधिकारों को सशक्त करने के लिए क्या किया? आज वे दलीय आधार पर चुनाव की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनका असली मकसद जनसेवा नहीं, बल्कि जोड़-तोड़ की राजनीति के जरिए शहरी निकायों पर कब्जा करना है।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार चुनाव कराने के पक्ष में है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता एक पारदर्शी और त्रुटिहीन चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की चुनौतियों और उसके बाद की प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण विलंब हुआ है, जिसे भाजपा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के मजबूत पकड़ वाले दावे पर तंज कसते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र की जनता भाजपा की वादाखिलाफी और महंगाई से त्रस्त है। भाजपा को हार का डर सता रहा है, इसीलिए वे धरने का नाटक कर रहे हैं ताकि अपनी खिसकती जमीन को बचा सकें। ईवीएम से चुनाव कराने की मांग पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और संबंधित संवैधानिक संस्थाएं अपनी कार्य योजना के अनुसार निर्णय लेती हैं। भाजपा को संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की आदत छोड़ देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!