Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने संसद में पेश बजट को लेकर निराशा जाहिर की हैं। उन्होंने कहा कि बजट 2026 में झारखंड का कहीं नामोनिशान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था खत्म हो जाएगी। बजट में झारखंड को एक पैसा भी नहीं दिया गया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बजट में सात उच्च-गति रेल कॉरिडोर की बात की गई, लेकिन इसमें झारखंड का नाम कहीं नहीं है। क्या झारखंड के लोग विकास के हकदार नहीं हैं? बुलेट ट्रेन मुंबई-पुणे और दिल्ली-वाराणसी में चलेगी, लेकिन झारखंड की पुरानी पटरियों को बदलने के लिए केंद्र के पास बजट नहीं है।

बजट में रांची के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को अपग्रेड करने की घोषणा पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने यह विडंबना ही है कि केंद्र सरकार झारखंड को केवल मानसिक स्वास्थ्य और बीमारों के केंद्र के रूप में देखती है। हमें एम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों और विशेष पैकेज की जरूरत थी, लेकिन हमें केवल पुराने संस्थानों के नवीनीकरण का झुनझुना थमाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस का प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से दिशाहीन है। इसमें झारखंड के साथ हकमारी की गई है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी कैसे होगी, इस पर बजट में कोई स्पष्टता नहीं है। युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर भी चुपी साधी गई है। झारखंड का विकास कैसे होगा, पलायन पर कैसे अंकुश लग सकेगा, विस्थापितों को उनके हक कैसे मिलेगा, इन सारे मुद्दों पर भी चुपी साधी गई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि संसद में पेश बजट को लेकर आम लोगों में निराशा है, यही कारण है कि आज शेयर मार्केट भी धड़ाम से गिरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!