Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि दुबई सहित गल्फ देशों में फंसे झारखंड के कई लोग आज सकुशल अपने घर लौट आए हैं। रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार के छोटे भाई, सेल सिटी निवासी अजय कुमार सहित अन्य यात्रियों के पहुंचने पर परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, अभिषेक कुमार, मेहुल दूबे, डॉ. संध्या रानी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी यात्रियों का स्वागत किया गया तथा परिजनों ने एयरपोर्ट पर ही अबीर लगाकर होली भी मनाई। अपने प्रियजनों के सुरक्षित लौटने की खुशी में कई परिजनों की आंखें भी नम हो गईं।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यह राज्य सरकार और केंद्र सरकार के आपसी समन्वय तथा प्रयासों का परिणाम है कि विदेशों में फंसे लोग सुरक्षित वापस अपने घर पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री इस मामले में लगातार सक्रिय रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप हेल्पलाइन जारी किया गया था, जिसके माध्यम से फंसे लोगों से संपर्क कर उनकी सहायता की गई। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि गल्फ देशों में जो भी भारतीय या झारखंड के लोग अभी भी किसी कारणवश फंसे हुए हैं, वे भी जल्द से जल्द सकुशल अपने देश और घर वापस लौटें, यही हमारी कामना है।
