Ranchi: प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं लोहरदगा जिला कांग्रेस के प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू से मुलाकात कर लोहरदगा जिले में संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह मरावी भी उपस्थित रहे।
आलोक कुमार दूबे ने विशेष रूप से SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर लोहरदगा जिला कांग्रेस द्वारा चलाए गए जनजागरूकता अभियान, बूथ स्तर पर की गई तैयारियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस द्वारा SIR के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम मतदाताओं को भी उनके अधिकारों एवं दस्तावेजों को लेकर जागरूक करने का कार्य किया गया है।

बैठक में ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों, धरना-प्रदर्शन एवं जनसंपर्क अभियानों की भी जानकारी दी गई। आलोक दूबे ने कहा कि लोहरदगा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन की सक्रियता को लगातार बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को लोहरदगा में संगठन की वर्तमान स्थिति, प्रखंड एवं बूथ स्तर की गतिविधियों तथा आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों से भी अवगत कराया। साथ ही, बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बढ़ाने तथा जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने को लेकर भी चर्चा किया।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लोहरदगा में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए पार्टी के सभी स्तरों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। संगठन की मजबूती के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करेगी।
