Ranchi/Namkom: खिजरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ी मजबूती मिली है। अनगड़ा प्रखंड के बीसा पंचायत के दर्जनों युवाओं ने शनिवार को खिजरी विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नामकुम लुपुंग टोली स्थित विधायक के आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में विधायक राजेश कच्छप ने सभी नए सदस्यों को कांग्रेस का पट्टा और माला पहनाकर मुंह मीठा कर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं में आजसू पार्टी छोड़कर आए जयराम बेदिया और दिलेश्वर बेदिया सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
कांग्रेस गरीब और वंचितों की पार्टी है – नए सदस्य
कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही गरीब, आदिवासी, दलित और वंचित वर्ग की लड़ाई लड़ती आई है। पार्टी सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलती है और न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाती है। नए सदस्यों ने कहा कि विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में खिजरी विधानसभा क्षेत्र का विकास तेजी से आगे बढ़ा है। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। विधायक का व्यक्तिगत व्यवहार और आम लोगों से सीधा जुड़ाव उन्हें प्रभावित करता है।
युवाओं ने विशेष रूप से विधायक की ‘सेवा ही लक्ष्य’ पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार में मृत्यु होने पर मृतक के आश्रितों को सूखा राशन उपलब्ध कराकर राहत देना एक मानवीय पहल है, जो पूरे खिजरी विधानसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी सेवा भाव से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है।
संकल्प के साथ काम करें कार्यकर्ता – राजेश कच्छप.

पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विधायक राजेश कच्छप ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ पार्टी के लिए कार्य करें, ताकि हम सभी मिलकर खिजरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित कर सकें। विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं को आगे बढ़ाने का मंच देती है। आने वाले दिनों में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। युवाओं की ऊर्जा का उपयोग क्षेत्र के विकास और जनसेवा में किया जाएगा।
इन युवाओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
कांग्रेस में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से जयराम बेदिया, दिलेश्वर बेदिया, अनिल बेदिया, प्रवीण बेदिया, बालेश्वर बेदिया, मनोज भोगता, धनीराम भोगता, कार्तिक भोगता, लालचंद भोगता, प्रकाश मुंडा, पारसनाथ भोगता, महेंद्र भोगता, सूरज भोगता, विजय मुंडा, एतवा बेदिया, लीलमोहन बेदिया, जितु भोगता, राहुल मुंडा, लखीराम हजाम, कमलेश कुमार, बिरसा मुंडा, रंजीत भोगता, राज भोगता, बलकेश्वर मुंडा, जुकेश्वर बेदिया, राजेंद्र मुंडा, वीरेंद्र बेदिया, जतरू भोगता, बिरसा मुंडा सहित अन्य युवा शामिल रहे। इनमें से कई युवा पहले आजसू सहित अन्य दलों से जुड़े थे, लेकिन अब कांग्रेस की नीतियों और विधायक के विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
मौके पर ये रहे उपस्थित
इस मिलन समारोह के दौरान रांची जिला कांग्रेस प्रभारी रियाजूल अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष एतवा उरांव, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष रेजाक अंसारी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र बेदिया, विधायक प्रतिनिधि खाद्य आपूर्ति विभाग अजय करमाली, दिनेश चंद्र प्रमाणिक, पंचू तिर्की सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी रियाजूल अंसारी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के आने से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रही है।
गौरतलब है कि खिजरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से लगातार अन्य दलों के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसे 2024 के विधानसभा चुनाव में विधायक राजेश कच्छप की जीत के बाद उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनसंपर्क का असर माना जा रहा है। बीसा पंचायत जैसे ग्रामीण इलाके से दर्जनों युवाओं का एक साथ कांग्रेस में आना आने वाले पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस के लिए मजबूती का संकेत माना जा रहा है।
