New Delhi भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज, 26 दिसंबर 2024 को निधन हो गया। 92 वर्ष की उम्र में डॉ मनमोहन सिंह ने आखिरी सांस ली। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था।
वहीं AIIMS प्रबंधन ने मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुये लिखा “अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। वे उम्र से संबंधित बीमारियों के कारण उपचाराधीन थे और 26 दिसंबर 2024 को घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। घर पर ही उन्हें तुरंत पुनर्जीवित करने के उपाय शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। किमलाडे: एम्स, नई दिल्ली”
वहीं प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स पर लिखा “भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बन गए। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी व्यावहारिक थे। हमारे प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए”
भारत के विकास के इस युग में उनका योगदान सदैव अमर रहेगा-आलोक दूबे
वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी संवेदना एवं दुख प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा है पूर्व प्रधानमंत्री, लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स के विद्यार्थी, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पीएचडी, विख्यात अर्थशास्त्री आदरणीय मनमोहन सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हो गया है।!
कांग्रेस नेता आलोक दूबे ने कहा,आर्थिक उदारीकरण और देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ जोड़ने वाले, विदेशी निवेश को बढ़ावा देने वाले, उद्योगों को प्रोत्साहित कर भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था के समकक्ष लाने वाले आदरणीय मनमोहन सिंह का अहसान देश कभी नहीं भूल पाएगा!
उनके निधन से देश ने एक ऐसा नेता खोया है, जिन्होंने अपने समर्पण और दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक मजबूती और वैश्विक पहचान दिलाई। उनका सरल और सौम्य व्यक्तित्व हमेशा देशवासियों के दिलों में रहेगा। उनकी कमी को पूरा करना असंभव है।।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।