Ranchi : भगवान बिरसा मुंडा की धरती से नवादा तक गूंजेगा नारा – मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि अब वक्त आ गया है जब बिहार और झारखंड मिलकर मोदी सरकार की तानाशाही और भाजपा की वोट चोरी की साज़िश के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने जब-जब राजनीतिक अंगड़ाई ली है, तब-तब देश का इतिहास बदला है। राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट अधिकार यात्रा को युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। आदरणीय लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य जैसे बड़े नेताओं का साथ इस आंदोलन को और मज़बूत कर रहा है।
आलोक दूबे ने बताया कि कल पूर्वाह्न 6.00 बजे बिरसा मुंडा की धरती से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से झारखंड का प्रतिनिधिमंडल नवादा के लिए रवाना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड की संस्कृति और कार्यशैली एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। यही कारण है कि झारखंड के कई नेता और वरिष्ठ कार्यकर्ता पहले से ही वाहन रैली में शामिल होकर डेरा डाले हुए हैं।
उन्होंने भाजपा और मोदी सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की तानाशाही नीतियों ने देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की है, लेकिन राहुल गांधी जिस हिम्मत से वोट चोरी के खिलाफ बिगुल बजा रहे हैं, वह करोड़ों युवाओं और आम जनता की आवाज़ बन चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग की धमकियों से डरने वाले राहुल गांधी नहीं हैं। उन्हें घर से निकाला गया, ईडी-सीबीआई के फर्ज़ी केस लगाए गए, लोकसभा की सदस्यता पर भी ग्रहण लगाने का काम किया गया, लेकिन वे उसी घर से आते हैं जिनके पूर्वजों ने अंग्रेजों को खदेड़ा था। इसलिए राहुल गांधी जी को डराने की हिमाकत न की जाए—चाहे वह हलफनामे की धमकी हो या सस्पेंशन का डर, चुनाव आयोग आज मोदी जी की भाषा बोल रहा है। आलोक दूबे ने कहा कि अब झारखंड और बिहार कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और इस वोट अधिकार यात्रा को ऐतिहासिक सफलता दिलाएंगे।