Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा के बयान को हास्यास्पद और भ्रामक करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बार फर्जी आंकड़े और काल्पनिक रिपोर्ट का सहारा लेकर जनता को गुमराह करती रही है। इस बार भी भाजपा को पता नहीं यह तथाकथित ‘नारी रिपोर्ट’ कहां से मिली, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर इस तरह की कोई रिपोर्ट मौजूद ही नहीं है।

 

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही महिलाओं के मुद्दों पर दोहरी राजनीति करना है। “जिनकी सरकार में निर्भया कांड हुआ, जिनकी सरकार में हाथरस कांड जैसे शर्मनाक घटनाएं हुईं, जिनके कार्यकाल में उन्नाव कांड हुआ – वही भाजपा आज महिला सुरक्षा पर ज्ञान दे रही है। भाजपा को झारखंड की बेटियों के नाम पर मगरमच्छ के आंसू बहाने का कोई हक नहीं है।”

 

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए शर्मनाक पहलू यह है कि महिला आयोग केंद्र में भाजपा की सरकार के अधीन है, लेकिन महिलाओं के हित में एक भी ठोस कदम नहीं उठा पाई। आज तक महिला आरक्षण बिल को लागू करने में भाजपा ने टालमटोल की।

 

आलोक दूबे ने कहा कि रांची पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर लगातार कड़े कदम उठा रही है। महिला थाना और हेल्पलाइन नंबर 181 के जरिए तुरंत कार्रवाई होती है। हाल ही में रांची पुलिस ने मानव तस्करी के कई गिरोहों का भंडाफोड़ कर दर्जनों बालिकाओं को मुक्त कराया, वहीं छेड़खानी और यौन अपराध के मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट के जरिए त्वरित चार्जशीट दाखिल की गई है। आलोक ने कहा कि “पुलिस की सतर्कता का ही नतीजा है कि कई मामलों में 48 घंटे के भीतर ही अपराधियों की गिरफ्तारी हुई और पीड़िताओं को न्याय मिला।”

 

आलोक दूबे ने तीखे शब्दों में कहा,भाजपा अपने शासनकाल की असफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए झूठी रिपोर्टों का सहारा ले रही है। झारखंड में हेमंत सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। बालिका शिक्षा, ट्रैफिकिंग रोकथाम और महिला स्वावलंबन के क्षेत्र में जो काम हुआ है, उसकी सराहना होनी चाहिए। लेकिन भाजपा का काम सिर्फ झूठ फैलाना और समाज को गुमराह करना है।”

 

उन्होंने भाजपा से सवाल पूछा कि, क्या भाजपा यह बताएगी कि यह तथाकथित रिपोर्ट किस संस्थान ने बनाई? उसका आधार क्या है? या फिर यह सिर्फ भाजपा का झूठ फैलाने का नया हथकंडा है?”

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और महिलाओं की सुरक्षा तथा अधिकारों के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। भाजपा को चाहिए कि पहले अपने गिरेबान में झांके और फिर बयानबाजी करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!